सिकंदराराऊ में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु

जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा सिकंदराराऊ, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान का रथ

सिकंदराराऊ (हाथरस)।
स्थानीय श्री बांके बिहारी इस्कॉन मंदिर के तत्वावधान में रविवार को भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच धूमधाम से निकाली गई। रथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे, हरे राम, हरे राम, राम-राम हरे-हरे” तथा “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गुंजायमान रहा। सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता की। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर नृत्य और संकीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे।

रथ यात्रा का नगरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं व्यापारियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह शीतल जल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित भगवान का रथ यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और भक्त इसे अपने जीवन का सौभाग्य मानकर भगवान की सेवा में जुटे रहे।

रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन तथा मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सेवादार पूरी तरह मुस्तैद रहे। उनके सहयोग से यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।