सिकंदराराऊ खंड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विजयदशमी उत्सव

बीएस गार्डन बाजिदपुर में हुआ शस्त्र पूजन, गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने निकाला पथ संचलन; जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

हाथरस । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से सिकंदराराऊ खंड के बाजिदपुर स्थित बीएस गार्डन में विजयदशमी उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। इसके बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने कस्बे में अनुशासित पथ संचलन निकाला। कदमताल मिलाकर आगे बढ़ते स्वयंसेवकों का स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरिगढ़ विभाग प्रचारक गोविंद, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं सिकंदराराऊ खंड संघचालक शिव कुमार गांधी, नगर संघचालक प्रवीण तथा मुख्य वक्ता पीके इंटर कॉलेज, नगला ब्राह्मण के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत विधि-विधान से शस्त्र पूजन संपन्न हुआ।
मुख्य वक्ता प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक सेवा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने समाज निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवकों की भूमिका का उल्लेख करते हुए सभी से पंच परिवर्तन को अपने जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व शक्ति, साहस, संगठन और धर्म की स्थापना का संदेश देता है। ऐसे आयोजन राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के उपरांत निकाले गए पथ संचलन में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़े। कस्बे में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर कार्यवाह अवधेश, खंड कार्यवाह पंकज, सह खंड कार्यवाह शिव सिंह, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख राजीव पुंडीर, जिला गौ सेवा प्रमुख प्रशांत, दीपक, मनीष, प्रमुख समाजसेवी अभय प्रताप, भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र, अमित, थान सिंह, चंद्रदेव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।