सत्यापन कर अभिलेख एवं आख्या तैयार करने के निर्देश, समयबद्ध कार्रवाई पर जोर
हाथरस, 20 अक्टूबर। सिकंदराराऊ क्षेत्र की पुलिस चौकी अगसौली को थाने में परिवर्तित करने की दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ती नजर आ रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित भूमि की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से भूमि आवंटन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ को निर्देश दिए कि प्रस्तावित भूमि का नियमानुसार सत्यापन कराते हुए आवश्यक अभिलेख एवं आख्या तैयार की जाए, ताकि आगे की कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

जिलाधिकारी ने भूमि आवंटन से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं नियमानुसार पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता भी बताई।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस सिकंदराराऊ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









