महाशिवरात्रि/कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम–एसपी हाथरस ने किया कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण

हाथरस/सिकंदराराऊ  (पवन पंडित )।
महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी हाथरस अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से कांवड़ियों के मुख्य आवागमन मार्ग सिकन्द्राराऊ–हाथरस मार्ग का भ्रमण/निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।


निरीक्षण के दौरान पंत चौराहा जाऊ नहर पुल, खारजा नहर पुल, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास कट सहित अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकन्द्राराऊ, क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ, थाना प्रभारी सिकन्द्राराऊ, थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें तथा कांवड़ियों को सामूहिक रूप से जत्थों में रवाना किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के आने-जाने वाले सभी मार्गों पर पर्याप्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारी तैनात किए जाएंगे तथा कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्थान-स्थान पर शिविर लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी द्वारा एनएचएआई को निर्देशित किया गया कि टूटी हुई सड़कों की मरम्मत, पेंचिंग कार्य तथा जहां निर्माण कार्य चल रहा है वहां आवश्यक रोड सेफ्टी साइनिज लगाए जाएं। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने, संकरी सड़कों को चौड़ा करने, फुटपाथ निर्माण, रात्रिकालीन आवागमन हेतु रिफ्लेक्टर लगाने एवं बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।


उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिविरों में विद्युत, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, बैठने की व्यवस्था, चारपाई/गद्दे, स्वल्पाहार, साफ-सफाई आदि मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा मुख्य चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर कांवड़ियों के आवागमन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु 24 घंटे आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से बरेली–कासगंज–मथुरा मार्ग पर अधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों, मंदिरों एवं कांवड़ मार्गों पर नियमित रूप से ड्यूटी चेक करें तथा पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।


अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। जगह-जगह बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी तथा कांवड़ियों को समुचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। हाथरस पुलिस एवं प्रशासन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है।