हाथरस / सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव बिलार के निकट शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक वेटरनरी डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद उनकी मोटरसाइकिल में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल पुत्र सत्येंद्र सिंहशुक्रवार को सिकंदराराऊ से अपने गांव मोटरसाइकिल द्वारा लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह गांव बिलार के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद मोटरसाइकिल करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई और अचानक आग का गोला बन गई। सड़क पर धधकती बाइक और युवक का शव देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना के चलते जीटी रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए मार्ग को सुचारु कराया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद तत्काल पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया था। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है







