हाथरस।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने विकासखंड मुरसान स्थित विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय दयालपुर, विकासखंड मुरसान के बूथ संख्या 61 तथा जीएसएएस उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरसान के बूथ संख्या 22, 23 एवं 24 का भ्रमण किया। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के उपरांत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर त्रुटिरहित एवं शुद्ध अंतिम मतदाता सूची तैयार किए जाने पर विशेष जोर दिया।
प्राथमिक विद्यालय दयालपुर बूथ संख्या 61 पर उपस्थित बीएलओ खुशबू सिंह से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त फॉर्म-06 पर की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली गई। बीएलओ द्वारा बताया गया कि 41 फॉर्म-06 ऑनलाइन कराए जा चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयार की गई पंजिका का अवलोकन करते हुए संतोष व्यक्त किया तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए बीएलओ की प्रशंसा कर बधाई दी।
इसके पश्चात जीएसएएस उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरसान के बूथ संख्या 22, 23 एवं 24 का निरीक्षण किया गया। संबंधित बीएलओ द्वारा अवगत कराया गया कि बूथ संख्या 22 पर 61 फॉर्म-06, बूथ संख्या 23 पर 75 फॉर्म-06 तथा बूथ संख्या 24 पर 121 फॉर्म-06 ऑनलाइन किए गए हैं। बूथ संख्या 24 पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं उपस्थित नए मतदाताओं से फॉर्म-06 भरवाने की प्रक्रिया पूर्ण कराई तथा उनसे किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौके पर उपस्थित समस्त बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों का नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।








