सिकंदराराऊ (हाथरस):
नगर के ईदगाह रोड स्थित रचित हॉस्पिटल में सोमवार को उपचार के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

महिला के पति अशोक कुमार पुत्र योगेंद्र कुमार निवासी चमनपुर कचोरा के अनुसार, सोमवार सुबह अनीता देवी के पेट में अचानक तेज दर्द उठा था, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए रचित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मृतका के पति का आरोप है कि अस्पताल में करीब डेढ़ घंटे तक उपचार किया गया अस्पताल कर्मियों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें तत्काल अलीगढ़ ले जाने की सलाह दी।

सीएचसी में मृत घोषित
परिजनों ने अलीगढ़ ले जाने के बजाय महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदराराऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत रचित हॉस्पिटल में ही हो चुकी थी, लेकिन जिम्मेदारी से बचने के लिए अस्पताल प्रशासन ने उन्हें अलीगढ़ रेफर करने की बात कहकर गुमराह किया।

हीमोग्लोबिन 5.9 होने की चर्चा
बताया जा रहा है कि महिला का हीमोग्लोबिन मात्र 5.9 था। चिकित्सकीय मानकों के अनुसार इतनी गंभीर स्थिति में मरीज को तुरंत उच्च केंद्र रेफर किया जाना चाहिए था। इसको लेकर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम संजय कुमार ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







