मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने संभाली तहसील की कमान

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राएँ बनीं अफसर

सिकंदराराऊ/ हाथरस।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और छात्राओं में आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस विशेष रहा। इस अवसर पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं को प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर दिया गया।

विद्यालय की छात्रा कनक ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) का दायित्व संभाला, जबकि छात्रा अनम ने तहसीलदार बनकर एक दिन का कार्य किया। दोनों छात्राओं ने फरियादियों की समस्याएँ सुनीं और अधिकारियों के मार्गदर्शन में समाधान की प्रक्रिया को भी समझा। इस दौरान फरियादी भी छात्राओं को प्रशासनिक कुर्सी पर देखकर उत्साहित नजर आए।  इस अवसर पर  दोनों छात्राओं ने फरियादियों की समस्याएँ सुनीं और अधिकारियों के मार्गदर्शन में समाधान की प्रक्रिया को समझा। फरियादी भी छात्राओं को प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाते देख उत्साहित दिखे।

छात्राओं ने कहा कि यह उनके लिए जीवन का यादगार अनुभव है। उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि प्रशासनिक अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कितनी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करना पड़ता है।

अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करना, उन्हें नेतृत्व क्षमता से जोड़ना और समाज में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। छात्राओं को प्रशासनिक कार्यों से परिचित कराना इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।