चेकिंग अभियान के दौरान बाजार में हड़कंप, कई दुकानों के शटर गिरे

सिकंदराराऊ में होली से पहले खाद्य विभाग का कड़ा रुख, चेकिंग अभियान से दुकानदारों में हड़कंप

हाथरस। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को सिकंदराराऊ नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

प्रशासनिक अमले की संयुक्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उप जिलाधिकारी  एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से नगर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना था, ताकि त्यौहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।

शटर गिराकर भागे दुकानदार

प्रशासनिक टीम के बाजार में पहुंचते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और मौके से गायब हो गए। अधिकारियों द्वारा फोन के माध्यम से संपर्क किए जाने पर कुछ दुकानदारों ने शहर से बाहर होने का बहाना बनाया। इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह रूटीन चेकिंग है और सहयोग न करने की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए

निरीक्षण के दौरान टीम ने संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य तेल एवं पनीर के सैंपल एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देनजर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जनपदभर में सघन जांच की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।