शिक्षा के मंदिर में एक और स्वर्णिम अध्याय

इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स, गीडा के नव भवन का लोकार्पण,

गीडा, गोरखपुर।
जब किसी क्षेत्र में शिक्षा के लिए नया भवन खड़ा होता है, तो वह केवल ईंट-पत्थर की संरचना नहीं होता, बल्कि वह आने वाली पीढ़ियों के सपनों की नींव बनता है। ऐसा ही दृश्य गुरुवार को गीडा स्थित इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स में देखने को मिला, जहाँ नव निर्मित भवन के लोकार्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने कर-कमलों से भवन का उद्घाटन करते हुए कहा कि “शिक्षा वह शक्ति है, जो व्यक्ति को सक्षम बनाती है और राष्ट्र को सशक्त। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ज्ञान को केवल डिग्री तक सीमित न रखें, बल्कि उसे चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का माध्यम बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने की। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स आज जिले के लिए एक गौरवशाली पहचान बन चुका है और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

संस्थापक को भावभीनी श्रद्धांजलि

समारोह के दौरान संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय हाजी शरीफ अहमद के जीवन और संघर्ष पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय हाजी शरीफ अहमद ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम मानते हुए जो बीज बोया था, वही आज एक वटवृक्ष का रूप ले चुका है।

प्रगति का प्रतीक बना नया भवन

कॉलेज प्रबंधन शोएब अहमद ने कहा कि यह भवन संस्थान की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। आधुनिक कक्षाओं, स्मार्ट शिक्षण सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों से युक्त यह भवन विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण प्रदान करेगा।

गरिमामय उपस्थिति   – कार्यक्रम में  वाइस चांस्लर पूनम टण्डन,स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा0 संजय त्रिपाठी, डायरेक्टर विनोद सिंह,बुद्धा के डायरेक्टर दीपक अग्रवाल, भाजपा नेता अस्टभुजा शुक्ला, रमाशंकर सिंह, काउसिंल के  मेम्बर ज्वाइंट सेक्रटरी कमर महमूद, आसिफ इकाब, सैयद अहमद अरबी, अहमद इलियास, इंजी0 शम्स अहमद सहित शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कॉलेज प्रबंधन समिति, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। पूरे वातावरण में शिक्षा, संस्कार और भविष्य निर्माण की सकारात्मक ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दी।