भाजपा को मजबूत करने में रही थी विशेष भूमिका
सिकन्दराराऊ (पवन पंडित)। भारतीय जनता पार्टी के सच्चे सिपाही के रूप में वर्षों तक संगठन की सेवा करने वाले भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष बृजकिशोर सराफ के निधन से सिकन्दराराऊ में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को भाजपा संगठन के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
स्वर्गीय बृजकिशोर सराफ की सिकन्दराराऊ में भाजपा को मजबूत करने में विशेष भूमिका रही। उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में नगर इकाई ने अनेक आंदोलनों, कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को सफलतापूर्वक संपन्न किया। वे पार्टी की विचारधारा के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। उनके सरल, सौम्य स्वभाव और संगठनात्मक क्षमता के कारण वे कार्यकर्ताओं में अत्यंत लोकप्रिय थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। नगर के राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
ब्रजांचल परिवार की ईश्वर से कामना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति दें।









